एक साथ 7 नए कोरोना संक्रमित मिलने से मचा हडक़ंप
एक साथ 7 नए कोरोना संक्रमित मिलने से मचा हडक़ंप

जोधपुर। शहर में शनिवार सुबह एक साथ सात जने कोरोना पॉजिटिव पाए गए है। ये सभी पहले से संक्रमित दो महिलाओं के परिजन है। शहर के नागौरी गेट क्षेत्र की 26 वर्षीय महिला के संक्रमित पाए जाने पर उसके परिजनों की जांच रिपोर्ट में आज 5 सदस्य भी पॉजिटिव पाए गए। इसी तरह बासनी क्षेत्र की केके कॉलोनी में संक्रमित पाई गई 57 वर्षीय महिला के पति व बेटी की रिपोर्ट भी आज पॉजिटिव आई। एक साथ सात नए मरीज सामने आने से प्रशासन में हडक़ंप मचा हुआ है। इन दोनों महिलाओं के निवास स्थान के क्षेत्र में पहले से कफ्र्यू लगाया हुआ है। शहर में अब कोरोना संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 17 हो चुकी है। इसके अलावा ईरान से लाए गए 27 भारतीय भी पॉजिटिव पाए गए है और उनका भी जोधपुर में ही इलाज चल रहा है।
शहर में शुक्रवार को एक भी नया मरीज सामने नहीं आया था। साथ ही पहले से भर्ती चार मरीजों का दूसरा रिपीट सैंपल भी निगेटिव आने से सभी ने राहत महसूस की थी लेकिन आज सुबह एक साथ 7 नए मरीजों की पुष्टि हो गई। नागौरी गेट थाना क्षेत्र में पॉजिटिव पाई गई 26 वर्षीय महिला के चाचा-चाची को पहले से एमडीएम अस्पताल में भर्ती किया हुआ था। ये दोनों पॉजिटिव पाए गए है। इसके अलावा आंगणवा के क्वारेंटाइन सेंटर में रखे गए तीन अन्य परिजन भी पॉजिटिव पाए गए है। ये तीनों अहमदाबाद से बेटी का इलाज कर लौटी महिला से हालचाल पूछने उसके घर गए थे और संक्रमित हो गए। इनको अब एमडीएम अस्पताल लाया गया है। जबकि केके कॉलोनी में संक्रमित पाई गई महिला का पति व बेटी भी आज पॉजिटिव पाए गए है।
जोधपुर शहर में अब तक 8 महिलाओं सहित कुल 11 कोरोना पॉजिटिव पाए गए है। इनमें से तीन तुर्की से और तीन इंग्लैंड से लौटे है जबकि मुंबई से जोधपुर तक की ट्रेन यात्रा के दौरान तुर्की से लौटने वाले पति-पत्नी के संपर्क में आने से एक युवती संक्रमित हो गई। वहीं बुधवार को मसूरिया क्षेत्र का एक 65 वर्षीय बुजुर्ग संक्रमित पाए गए थे। गुरुवार को दो महिलाएं संक्रमित पाई गई थी। और शनिवार को एक साथ सात नए पीडि़त मिल गए।
नजर नहीं आए लक्षण
सबसे बड़ी चिंता का विषय यह है कि आज पॉजिटिव पाए गए सभी सातों मरीजों में से किसी में भी करोना संक्रमित होने का एक भी लक्षण नहीं पाया गया था। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर इन्हें क्वारेंटाइन सेंटर में रख जांच की थी। इस जांच में इनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने से हडक़ंप मचा हुआ है। अमूमन कोरोना संक्रमित होने पर मरीज में खांसी, जुकाम व बुखार जैसे कुछ लक्षण अवश्य नजर आना शुरू हो जाते है लेकिन इनमें से किसी में भी ऐसा कोई लक्षण नहीं था।
भारी पड़ा खैरियत पूछने
नागौरी गेट क्षेत्र की 26 वर्षीय महिला अपनी बेटी का इलाज कराने हाल ही अहमदाबाद गई थी। वह अहमदाबाद या फिर वापसी में ट्रेन यात्रा के दौरान किसी के संपर्क में आने से संक्रमित हो गई। इस महिला की बेटी की खैरियत पूछने उसके चाचा-चाची व तीन अन्य परिजन घर गए थे। इन सभी को क्वारेंटाइन में रख जांच की गई थी और सभी पॉजिटिव पाए गए। इनमें भी कोरोना से जुड़ा कोई लक्षण नजर नहीं आया था।