spot_img
दुनिया में जो बदलाव आप देखना चाहते हैं, वह खुद बनिए. - महात्मा गांधी
HomeRajasthanसरकार के सामने बोला भाजपा पदाधिकारी, सरकार पर विश्वास नहीं हमको

सरकार के सामने बोला भाजपा पदाधिकारी, सरकार पर विश्वास नहीं हमको

– दिशा बैठक में जनप्रतिनिधियों ने जताया आक्रोश

– जनता ही नहीं मंत्री भी अधिकारियों की कार्यप्रणाली से असंतुष्ट

सिरोही में दिशा की बैठक में अधिकारियों के संबोधित करते सांसद लुंबाराम चौधरी।


सिरोही। जिला विकास, समंवय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में भाजपा का पदाधिकारी वो बोल गए जिसकी गूंज प्रदेश के अधिकांश हिस्सों के भाजपा संगठन से लोगों से प्रदेश से सुनाई दे रही है। इस बैठक में भाजपा जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी ने सांसद की मौजूदगी मे बोला कि सरकार पर उन्हें विश्वास नहीं है।
सांसद लुम्बाराम चौधरी की अध्यक्षता में गुरुवार को दिशा की बैठक हुई। पांच घंटे से भी ज्यादा समय तक चली इस बैठक में जिलेभर के प्रमुख जनप्रतिनिधि और जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे। इसी दौरान पीएचईडी विभाग के कामों की चर्चा हो रही थी। उडवारिया के सरपंच जेताराम चैधरी ने पीएचईडी के ठेकेदार के कारण ग्रामीणों की सांसत होने की बात कही।
उन्होंने आरोप लगाया कि उनके यहां पर जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए तीन साल पहले ही वर्क आॅर्डर हो चुका है। ठेकेदार ने तीन साल से पाइपलाइन नहीं डाली। इससे टोकरा, पिथापुरा, उडवारिया आदि गांवों के लोगों को योजना का फायदा नहीं मिल पा रहा हैं।

जेताराम चैधरी भाजपा की वर्तमान जिला कार्यकारिणी में सह कार्यालय मंत्री भी है। उन्होने कहा कि ठेकेदार ने इतने समय से काम रोके हुए रखा है। लेकिन, पीएचडी विभाग ने उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि जोधपुर के अधिकारियों ने अपने यहां से ठेकेदार यहां भेज दिए।

तीन साल से काम नहीं करने के कारण उसे यहां से भेजा जाता है तो जोधपुर के पीडब्ल्यूडी के अधिकारी उसे फिर से यहां ले आते हैं। उनके अपने क्षेत्र की जनता को हो रही समस्या के लिए नाराज हो रहे जेताराम को सांसद समझाने लगे तो उन्होंने सांसद की मौजूदगी में ही अपना दर्द बयान करते हुए कह दिया कि सरकार से तो उनका विश्वास ही उठ गया है। जिस समय ये सब हुआ तब राजस्थान सरकार मे ंमंत्री ओटाराम देवासी भी मौजूद थे।

जिले अधिकारियों ने सिर्फ भाजपा के पदाधिकारियों या छोटे सदन के जनप्रतिनिधियों को परेशान कर रखा हो ऐसा नहीं है। परेशान तो इन अधिकारियों ने खुद मंत्री और सांसद को भी कर रखा है। उनका भी दर्द इस बैठक में उभरकर सामने आया। यहां पर राजस्थान की भजनलाल सरकार के मंत्री बोलते हुए नजर आए कि राज्य सरकार द्वारा लगाए जा रहे शिविरों में भारी अव्यवस्थाएं है। शिविर का संचालन ठीक से नहीं हो रहा है।


– ये दिए निर्देश


बैठक को सम्बोधित करते हुए सांसद लुम्बाराम चैधरी ने कहा कि सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा स्वीकृत कार्यों की सफल क्रियान्विति की जाए। राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में और राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य में सेवा पखवाडा की गहनता से मॉनिटरिंग करना सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने विकास कार्यों के सफल क्रियान्वयन में होने वाली देरी तथा गुणवत्ता में कमी को लेकर सम्बन्धित के खिलाफ आवश्यक कार्यवाही करने की बात भी कही। इस दौरान उन्होंने जिले में विभिन्न विभागों मे रिक्त पदों आदि की जानकारी लेते हुए जनप्रतिनिधियों के सहयोग से पूर्ति करवाने की बात भी कही। जिला प्रमुख अर्जुनराम पुरोहित ने कहा कि अधिकारी कर्मचारी यह सुनिश्चित करें कि योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र को मिले ।

बैठक में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, परम्परागत कृषि विकास योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, त्वरित सिंचाई लाभ कार्यक्रम, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, डिजिटल इंडिया, मिड डे मील, समग्र शिक्षा अभियान, समेकित बाल विकास परियोजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, बेटी बचाओ बेटी पढाओ, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना, प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना, डिजीटल भारत भू अभिलेख आधुनिकीकरण कार्यक्रम, सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई जिस पर सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये गए।

बैठक में सम्बन्धित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने अपने अपने क्षेत्र से जुडी विद्युत, पानी सडक सहित विभिन्न विभागों से जुडी समस्याओं, लंबित कार्यों से अवगत करवाया जिस पर जिला कलेक्टर अल्पा चैधरी ने निस्तारण सम्बन्धित आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

इसमें रेवदर प्रधान प्रधान राधिका देवासी, पिण्डवाडा प्रधान नितिन बंसल, सिरोही प्रधान हंसमुख कुमार, मनोनीत सदस्य भारमाराम गरासिया, जैताराम, विपेश कुमार गरासिया, किरण कंवर, हमीराराम मेघवाल, रामलाल गरासिया, दक्षा देवडा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रकाश चंद अग्रवाल, उपखंड अधिकारी हरिसिंह देवल सहित जनप्रतिनिधि व सम्बन्धित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

संबंधित ख़बरें

लेटेस्ट

ख़ास ख़बरें