
—राजस्थान में बनेगा अनोखा सांस्कृतिक रिकॉर्ड,
—19 नवंबर को देश देखेगा सबसे बड़ा घूमर फेस्टिवल
जयपुर, 12 नवम्बर 2025। राजस्थान की पारंपरिक लोक संस्कृति को नई पहचान देने के लिए राज्य सरकार ने एक ऐतिहासिक पहल की है। उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन, कला एवं संस्कृति मंत्री दिया कुमारी ने घोषणा की है कि राज्य में पहली बार घूमर नृत्य आधारित “घूमर फेस्टिवल – 2025” (Ghoomar Festival 2025) का आयोजन 19 नवम्बर 2025 (बुधवार) को किया जाएगा। इस अनोखे आयोजन में राजस्थान के सातों संभाग मुख्यालय — जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, उदयपुर, कोटा और भरतपुर — एक साथ पारंपरिक घूमर नृत्य की रंगीन छटा से सराबोर होंगे।
राज्यस्तरीय आयोजन जयपुर में
राज्यस्तरीय घूमर फेस्टिवल 2025 (Ghoomar Festival 2025 )का मुख्य कार्यक्रम जयपुर के विद्याधर नगर स्टेडियम के फुटबॉल ग्राउंड पर भव्य रूप से आयोजित होगा।
इस अवसर पर गणगौर घूमर डांस अकादमी की कार्यकारी निदेशक ज्योति तोमर के निर्देशन में अकादमी के सदस्यों एवं चयनित प्रतिभागियों द्वारा लाइव म्यूजिक पर घूमर नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा।

दिया कुमारी का आह्वान: “अपनी संस्कृति को पहुंचाएं दुनिया तक”
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा, “घूमर नृत्य राजस्थान की सांस्कृतिक पहचान है। राज्य की महिलाएं और बालिकाएं अपनी कला के माध्यम से राजस्थान की गौरवशाली परंपरा को नई ऊँचाइयों पर ले जाएँ।”
उन्होंने स्कूल-कॉलेज की छात्राओं, गृहिणियों, प्रोफेशनल डांसर और कामकाजी महिलाओं से इस फेस्टिवल में भाग लेने का आग्रह किया। साथ ही दर्शकों से भी पारंपरिक वेशभूषा में आने की अपील की।
नि:शुल्क पंजीकरण और वर्कशॉप :- फ्री रजिस्ट्रेशन: ghoomar.rajasthan.gov.in
वर्कशॉप: सातों संभाग मुख्यालयों पर निःशुल्क वर्कशॉप आयोजित की जा रही हैं।
जयपुर में जवाहर कला केंद्र में 11 से 16 नवम्बर 2025 तक 6 दिवसीय प्रशिक्षण सत्र चल रहा है।
साउंड ट्रैक और लाइव म्यूजिक की धुन पर थिरकेगा राजस्थान
फेस्टिवल के लिए विशेष साउंड ट्रैक तैयार किया गया है, जिस पर सातों संभागों में महिलाएं एक साथ घूमर प्रस्तुत करेंगी। वहीं, जयपुर में कार्यक्रम लाइव म्यूजिक बैंड की धुनों पर आयोजित होगा — जो इस आयोजन को देशभर में विशिष्ट बनाएगा।
‘घूमर फेस्टिवल 2025’ न सिर्फ राजस्थान की संस्कृति को सहेजने का माध्यम बनेगा, बल्कि इसे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का भी प्रयास है।



