गर्भवती महिला समेत 23 लोगों को बचाया गया,राशन और दवाइयां भी पहुंचाई गई गांव में
सांचौर | चितलवाना उपखंड क्षेत्र के रिड़का गांव में लूणी नदी में फंसे 23 लोगों को रेस्क्यू किया है लूणी नदी के तेज बहाव में फंसे लोगों की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। टीम ने समय रहते 23 लोगों को बचाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
गांव के कुछ लोग नदी पार करने के दौरान अचानक पानी का बहाव तेज होने से बीच में फंस गए। इनमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल थे। हालात गंभीर होने पर ग्रामीणों ने प्रशासन को सूचित किया। मौके पर तुरंत एनडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन में कुल 23 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इनमें 15 पुरुष, 5 महिलाएं (जिनमें एक गर्भवती महिला भी शामिल थी) और 3 बच्चे थे।
एनडीआरएफ की टीम ने न केवल फंसे लोगों को सुरक्षित बचाया, बल्कि गांव के लिए जरूरी राशन और दवाइयां भी पहुंचाई। प्रशासन की ओर से मौके पर चितलवाना के नायब तहसीलदार वेरसीराम,पटवारी संजय बिश्नोई भी मौजूद रहे।



