spot_img
दुनिया में जो बदलाव आप देखना चाहते हैं, वह खुद बनिए. - महात्मा गांधी
HomeRajasthanन जाने क्यों कार्रवाई से कतरा रहे: पंचायतों में ठेकेदार बने जिला...

न जाने क्यों कार्रवाई से कतरा रहे: पंचायतों में ठेकेदार बने जिला परिषद सदस्य

  • दाखिले दफ्तर कर दिया गया शिकायतों का पुलिंदा भी
  • रसूख इतना कि अधिकारी जांच में नहीं दिखा रहे गंभीरता

सिरोही. जिला परिषद में जांच के नाम पर अधिकारी महज खानापूर्ति में जुटे हुए हैं। लिहाजा जनप्रतिनिधि खुद ही ठेकेदार बन कर ग्राम पंचायतों में ठेकेदारी कर रहे हैं। मामला जिला परिषद सदस्यों की ठेकेदारी से जुड़ा हुआ है। शिकायतों के बावजूद न तो गंभीरता से जांच हो रही है और न इन पर कोई आंच आ रही है। जिला परिषद सदस्यों का रसूख इतना है कि अधिकारी भी जांच करने में कतरा रहे हैं। शिकायतों का पुलिंदा थमाए कई दिन बीत जाने के बावजूद इन ठेकेदारों के खिलाफ न तो कोई जांच हुई और न कार्रवाई हो पाई।

अभी तक जांच का हवाला दे रहे
जिले की कई ग्राम पंचायतों में लम्बे समय से कमोबेश ऐसा ही चला रहा है। अपना रसूख दिखाकर ठेके आवंटित करवाकर सदस्य अपनी ठेकेदारी चला रहे हैं। जिला परिषद सदस्यों की ठेकेदारी के मामले में मुख्य कार्यकारी अधिकारी तक शिकायत भी पहुंच चुकी है। लेकिन अभी तक जांच होने का ही हवाला दिया जा रहा है।

और भी सदस्य हो सकते हैं ठेकेदार
इस एक शिकायत की जांच होने पर कई अन्य मामले भी सामने आ सकते हैं। बताया जा रहा है जिले की कई पंचायतों में इस तरह के ठेके आवंटित हैं, जिनमें जनप्रतिनिधियों की ठेकेदारी चल रही है। न जाने क्यों नियमों को ताक पर रखे जाने के बावजूद अधिकारी इन पर कार्रवाई से कतरा रहे हैं।

खुद के नाम से खोल रखी है फर्म
शिकायत के आधार पर जिला परिषद के दो सदस्य अर्जुनराम भील व मगनलाल कोली पर ठेकेदारी का आरोप है। दोनों ही सदस्यों ने अपने नाम से ठेकेदारी फर्म खोल रखी है, जिसके जरिए ये ग्राम पंचायतों में ठेके आवंटित करवा रहे हैं। बताया जा रहा है कि पिछले तीन वर्षों से तो ये लोग लगातार ठेके ले रहे हैं।

मगनलाल को मेर मंडवाड़ा में टेंडर
यह भी बताया जा रहा है कि जिला परिषद सदस्य मगनलाल कोली ने माधव कंस्ट्रक्शन क्यारिया के नाम से फर्म ले रखी है। वहीं, सिरोही समिति की मेर मंडवाड़ा ग्राम पंचायत में इनको इस फर्म के नाम टेंडर आवंटित किया गया है।

अर्जुनराम को लगातार तीन वर्ष से टेंडर
इसी तरह जिला परिषद सदस्य अर्जुनराम भील अपनी फर्म विक्रम ट्रेडर्स के प्रोपराइटर है। वे वर्ष-2021 से लगातार टेंडर प्रक्रिया में भाग ले रहे हैं। रेवदर पंचायत समिति की जैतावाड़ा, बांट व सोरडा में टेंडर लिए गए हैं। फिलवक्त इस फर्म को बांट व सोरडा में टेंडर आवंटित हंै।

मामले में जांच चल रही है…
जिला परिषद सदस्य अपनी फर्म के जरिए टेंडर ले रहे हैं। इस तरह की शिकायत आई है। इस मामले में हम जांच कर रहे हैं। कार्रवाई को लेकर जल्द ही आपको बताएंगे।

  • प्रकाशचंद्र अग्रवाल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद, सिरोही
संबंधित ख़बरें

लेटेस्ट

ख़ास ख़बरें