जैसलमेर। पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल के रूप में, जैसलमेर जिले के फतेहगढ़ तहसील के लक्ष्मणसर गाँव में एमआरएस ग्रीन एनर्जी द्वारा प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाभियान (PM-KUSUM) के अंतर्गत 2 मेगावाट एसी ग्रिड कनेक्टेड सोलर पीवी प्लांट स्थापित किया जा रहा है। इस परियोजना का उद्घाटन 16 अगस्त 2025 को सुबह 9:30 बजे किया जाएगा।

इस सोलर परियोजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि निर्माण के दौरान एक भी पेड़ नहीं काटा गया, जबकि आने वाले समय में सैकड़ों स्वदेशी प्रजाति के पौधे लगाए जाएंगे। यह पहल न केवल अक्षय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देगी, बल्कि जैसलमेर के शुष्क और रेगिस्तानी क्षेत्र में पारिस्थितिकी तंत्र के पुनर्जीवन का मार्ग भी प्रशस्त करेगी।
परियोजना का संचालन एमआरएस ग्रीन एनर्जी के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं सामाजिक उद्यमी राघवेंद्र सिंह शेखावत द्वारा किया जाएगा। इसके साथ ही, यूनाइटेड ग्लोबल पीस फाउंडेशन (UGPF) की सहभागिता में लक्ष्मणसर गाँव में वृक्षारोपण अभियान की भी शुरुआत होगी।

UGPF के निदेशक शक्ति सिंह बांदीकुई ने बताया कि संगठन का विश्वास है कि सामुदायिक सहभागिता से ही जमीनी स्तर पर स्थायी और सकारात्मक बदलाव लाए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान के पारंपरिक ‘ओरण’ और ‘गोचर’ जैसी व्यवस्थाओं का संरक्षण करते हुए यह अभियान एक स्वच्छ, हरित और शांतिपूर्ण भविष्य के निर्माण में अहम भूमिका निभाएगा।
शुभारंभ समारोह में UGPF के चेयरमैन मेघराज सिंह रॉयल, फाउंडेशन के निदेशक शक्ति सिंह बांदीकुई, सामाजिक उद्यमी श्री राघवेंद्र सिंह शेखावत, सरपंच प्रतिनिधि कृपाल सिंह भाटी, जिला परिषद सदस्य एवं भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष उदय सिंह भाटी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहेंगे।



