spot_img
दुनिया में जो बदलाव आप देखना चाहते हैं, वह खुद बनिए. - महात्मा गांधी
Homeराजस्थानभाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस को लेकर दिया बड़ा बयान,...

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस को लेकर दिया बड़ा बयान, कहा दलित वोटबैंक के चलते कांग्रेस बाबा साहब का जप रही है नाम

  • भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस के भ्रम जाल को करेंगे नेस्तानाबूत
  • कांग्रेस ने किया बाबा साहब का अपमान, दलितों की अनदेखी और मुस्लिमों का तुष्टिकरण

जयपुर, 11 अप्रैल 2025। भारत रत्न डॉ भीमराव अंबेडकर जन्म जयंती सम्मान अभियान की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला का उद्घाटन करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने डॉ अंबेडकर को दूरदृष्टा बताते हुए कहा कि बाबा साहब ने देश को नई दिशा दी, जिसके कारण हमारे संविधान में लोकतांत्रिक मूल्यों और भारतीय विचार के अनुकूल सर्वे भंवतु सुखिने के भावों का समावेश हो पाया है।

कांग्रेस और वामपंथियों ने बाबा साहब का ना तो जीवन पर्यन्त सम्मान किया, ना ही उनके देहावसान के बाद उन्हें सम्मानित किया। केवल दलित वोट बैंक के लिए उनके नाम को जपते रहे।

बाबा साहब के प्रति नेहरू के मन में थोड़ा सा भी सम्मान होता तो संसद में उन्हें निर्विरोध निर्वाचित करवाते, ना कि हराने के लिए षडयंत्र रचते।

गांधी नेहरू परिवार की ये चार पीढ़ियां अगर बाबा साहब का सम्मान करती तो उनको भारत रत्न देने में देरी नहीं करती।

भाजपा और कार्यकर्ताओं में अंबेडकर के प्रति सम्मान का भाव

राठौड़ ने कहा कि भाजपा ही है जिसके नेतृत्व में और संगठन के कार्यकर्ताओं में डॉ अंबेडकर के प्रति सम्मान का भाव है। यहीं कारण है कि संसद में पहली बार बाबा साहब का चित्र अटल जी के प्रयासों से लगता है तो भारत रत्न भाजपा समर्थित सरकार के कार्यकाल में मिलता है। वहीं उनसे जुड़े हुए पंचतीर्थों का विकास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में किया गया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने महात्मा गांधी की वर्धा में आयोजित राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के शिक्षण वर्ग की यात्रा के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि बिना किसी भेद भाव के एक विचार के साथ, एक साथ भोजन करने वाले स्वयं सेवक देखकर महात्मा गांधी को आश्चर्य हुआ और उन्होंने संघ की भूरी भूरी प्रशंसा की। इसी संस्कार के साथ भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता काम करता है और जब शासन में अवसर मिलता है तो समाज के सर्वोंगिण विकास के बारे में सोचता है, और उसको परिणीत करने के लिए प्रयास करता है। राठौड़ ने कहा कि हमें सजग रहने की जरूरत है और ये संकल्प करना होगा कि हम सभी मिलकर कांग्रेस के भ्रम जाल को नेस्तानाबूत करेंगे, समाज में सामाजिक समरसता के भाव से समाज को एक अभेद्य दुर्ग बनाएंगे, जिसे कोई भ्रम, झूठ या मिथ्या ना तोड़ पाए।

दलितों की अनदेखी और मुस्लिमों का तुष्टिकरण

कार्यशाला के मुख्य वक्ता भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अभिनव प्रकाश सिंह ने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी आज कल बाबा साहब तथा संविधान की बातें करते है, और समाज को गलत तथ्य रखकर बरगलाने की कोशिश करते है

जबकि सच यह है कि कांग्रेस और नेहरू-गांधी परिवार ने ना कभी दलितों का भला किया, ना बाबा साहब का सम्मान किया और ना ही सामाजिक न्याय में उनकी आस्था रही है। संविधान सभा में बाबा साहब शामिल ना हो, इसके लिए षडयंत्र रचे गए। अगर हिंदू महासभा के नेता एमआर जयकर त्याग पत्र देकर बाबा साहब को संविधान सभा में नहीं भेजते तो आज संविधान ही कुछ ओर होता।

उन्होंने कहा कि गोलमेज सम्मेलन में भाग लेने के कारण बाबा साहब को कांग्रेस के लोगों ने बार बार अपमानित किया। 1946 में उनकी प्रिटिंग प्रेस को जला दिया गया और अंतरिम सरकार में 20 में से 14 मंत्री ही बनाए, इनमें भी 5 मुसलमानों को शामिल किया गया था। नेहरू का मुस्लिमों से तो प्रेम था, लेकिन बाबा साहब के प्रति हिकारत भरी दृष्टि रखते थे। जिसकी चर्चा स्वयं बाबा साहब ने देश की संसद में अपने इस्तीफे का जिक्र करते हुए बताया।

कांग्रेस का सामाजिक न्याय से कोई सरोकार नहीं

उन्होंने कहा कि आरक्षण के खिलाफ नेहरू ने जहां मुख्यमंत्रियों को पत्र लिखे, इंदिरा गांधी ने अडंगे लगाए, वहीं राजीव गांधी ने नेता प्रतिपक्ष के रूप में ढाई घंटे के लंबे भाषण में आरक्षण का विरोध किया। यह कांग्रेस का चाल, चरित्र और चेहरा है।

उन्होंने कहा कि संविधान के प्रति कांग्रेस की सोच और भारतीय जनता पार्टी की सोच में रात-दिन का अंतर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिछले 10 साल के कार्यकाल में कुल 8 बार संविधान संशोधन हुए है, जिनमें से 5 बार तो सामाजिक न्याय और महिलाओं को अधिकार देने के लिए किए गए है।

अटल जी के समय में 14 संविधान संशोधन किए गए, इनमें से 5 बार सामाजिक न्याय से जुड़े हुए थे, वहीं जनसंघ और भाजपा के समर्थन से बनी सरकारों में 4 संशोधन आए, इनमें से 2 सामाजिक न्याय से जुडे हुए थे। जबकि कांग्रेस ने 80 बार संविधान में संशोधन किया और इनमें अधिकतर ऐसे संशोधन किए गए, जिनका सामाजिक न्याय से कोई सरोकार नहीं था।

भाजपा और डॉ अंबेडकर के विचार में साम्यता

कार्यशाला के द्वितीय सत्र की अध्यक्षता करते हुए उप मुख्यमंत्री डॉ प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि भाजपा और डॉ अंबेडकर के विचार में साम्यता है, चाहे बात राष्ट्रवाद की हो या सामाजिक न्याय की, समता मूलक समाज की हो या महिलाओं को अधिकार देने की, भारतीय जनता पार्टी बाबा साहब के सिद्धांतों का अनुसरण करती है।

देश में एवं प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन सरकार बाबा साहब के सपनों को साकार करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के विचार पुरोधा पंडित दीनदयाल उपाध्याय का एकात्म मानव दर्शन समाज के अंतिम व्यक्ति के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाता है।

वहीं बाबा साहब अंबेडकर समाज के प्रत्येक व्यक्ति का उत्थान चाहते थे। ये दोनों ही व्यक्ति एक दूसरे के पूरक है और भारतीय जनता पार्टी के विचार तथा इसकी कार्यशैली अंबेडकर जी के सपनों का भारत बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। क्योंकि बाबा साहब कहते थे हम भारतीय हैं यही हमारी पहली और आखिरी पहचान है, और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते है राष्ट्र प्रथम है।

बाबा साहब की प्रतिमाओं पर माल्यापर्ण

अभियान समिति के प्रदेश संयोजक एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मोतीलाल मीणा ने बताया कि भाजपा की ओर से 13 अप्रैल को बाबा साहब की प्रदेशभर की सभी प्रतिमाओं को साफ किया जाएगा। पार्क, चौराहे पर स्थित प्रतिमाओं की सफाई के बाद रात्रि में दीप जलाए जाएंगे।

14 अप्रैल को भाजपा एवं भाजपा की आनुषंगिक संगठनों द्वारा बाबा साहब की प्रतिमाओं पर माल्यापर्ण के बाद पुष्पाजंलि अर्पित की जाएगी। 15 से 25 अप्रैल तक भाजपा की ओर से प्रदेश की सभी नगर पालिका, नगर परिषद, नगर निगम, पंचायत, जिला स्तर सहित करीबन 250 स्थानों पर प्रबुद्धजन संगोष्ठियों के माध्यम से बाबा साहब के लिए भाजपा की ओर से किए गए कार्यों को बताएगी।


कार्यशाला में पूर्व सांसद मनोज राजोरिया ने कार्यक्रम की प्रस्तावना रखी एवं संचालन सोमकांत शर्मा ने किया। इस दौरान प्रथम सत्र में मंच पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम के प्रदेश समन्वयक मोतीलाल मीणा, विधायक आदूराम मेघवाल तथा द्वितीय सत्र में भाजपा प्रदेश महामंत्री संतोष अहलावत, पूर्व सांसद रंजीता कोली उपस्थित रहे।

संबंधित ख़बरें

लेटेस्ट

ख़ास ख़बरें