spot_img
दुनिया में जो बदलाव आप देखना चाहते हैं, वह खुद बनिए. - महात्मा गांधी
Homeराजस्थानराजस्थान में देर रात 62 IAS अफसरों के तबादले, 11 जिलों के...

राजस्थान में देर रात 62 IAS अफसरों के तबादले, 11 जिलों के कलेक्टर बदले

  • राजस्थान सरकार ने 62 IAS अफसरों का तबादला किया, 11 जिलों के कलेक्टर बदले गए।
  • अखिल अरोड़ा को वित्त विभाग से हटाकर जलदाय विभाग में ACS बनाया गया।
  • मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव आलोक गुप्ता को उद्योग विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई।
Rajasthan Transfers 62 IAS Officers: 11 District Collectors Changed

राजस्थान सरकार ने रविवार देर रात एक बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत भारतीय प्रशासनिक सेवा के 62 अफसरों के तबादले कर दिए। इनमें 11 जिलों के कलेक्टर भी शामिल हैं। इसके अलावा 21 आईएएस अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। मुख्यमंत्री कार्यालय, वित्त, गृह, उद्योग, जलदाय और वन जैसे प्रमुख विभागों में अहम बदलाव किए गए हैं।

अखिल अरोड़ा को वित्त से हटाया

वित्त विभाग में पिछले पांच वर्षों से नियुक्त वरिष्ठ अधिकारी अखिल अरोड़ा को हटाकर जलदाय विभाग में अतिरिक्त मुख्य सचिव (एसीएस) के पद पर भेजा गया है। वहीं अपर्णा अरोड़ा को वन विभाग से स्थानांतरित कर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग में एसीएस नियुक्त किया गया है।

सीएम सचिवालय में बदलाव

मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव आलोक गुप्ता का तबादला कर उन्हें उद्योग विभाग में प्रमुख सचिव बनाया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कार्यकाल में प्रमुख सचिव रहे कुलदीप रांका को सामाजिक न्याय विभाग से हटाकर अब उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग का अतिरिक्त मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है।

गृह विभाग में नई जिम्मेदारी

करीब ढाई साल से गृह विभाग संभाल रहे आनंद कुमार को हटाकर अब एसीएस (वन) बनाया गया है। उनकी जगह भास्कर ए सावंत को गृह विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। सावंत अब नए एसीएस (गृह) होंगे।

वित्त विभाग में अब वैभव गालरिया को प्रमुख शासन सचिव बनाया गया है।

उद्योग से ऊर्जा विभाग भेजे गए अजिताभ शर्मा

अजिताभ शर्मा को उद्योग विभाग से हटाकर ऊर्जा विभाग का प्रमुख सचिव नियुक्त किया गया है। वे ‘राइजिंग राजस्थान’ जैसे आयोजनों में सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं।

देवाशीष पृष्टि को यूडीएच, रवि जैन को स्वायत्त शासन

भारतीय मिशन ब्रुसेल्स में करीब साढ़े चार साल की सेवा के बाद राजस्थान लौटे देवाशीष पृष्टि को अब शहरी विकास एवं आवास (यूडीएच) विभाग का प्रमुख शासन सचिव बनाया गया है। पहले वे वित्त विभाग में कार्यरत थे।

वहीं रवि जैन को पर्यटन विभाग से स्थानांतरित कर स्वायत्त शासन विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है।

जयपुर नगर निगमों में फेरबदल

जयपुर ग्रेटर नगर निगम की आयुक्त रुक्मिणी रियार को पर्यटन विभाग का आयुक्त बनाया गया है। उनकी जगह गौरव सैनी को ग्रेटर नगर निगम का नया आयुक्त नियुक्त किया गया है। सैनी वर्तमान में कौशल, नियोजन और उद्यमिता विभाग में कार्यरत थे।

जयपुर हेरिटेज नगर निगम आयुक्त अरुण हसीजा को राजसमंद का नया कलेक्टर बनाया गया है।

भरतपुर को मिला नया कलेक्टर

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के गृह जिले भरतपुर में अब कमर उल जमन चौधरी को कलेक्टर नियुक्त किया गया है। वे इससे पहले जलदाय विभाग में संयुक्त सचिव के पद पर कार्यरत थे। दौसा में कलेक्टर रह चुके चौधरी का यह तबादला अहम माना जा रहा है।

रिश्वत मामले में एपीओ रहे हनुमान मल को नई तैनाती

पूर्व में दूदू कलेक्टर रहते हुए रिश्वत के आरोपों के चलते एपीओ बनाए गए हनुमान मल ढाका को विभागीय जांच निदेशालय में निदेशक के पद पर नियुक्त किया गया है। उन पर भू-परिवर्तन के बदले 25 लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है, जिसकी जांच एसीबी कर रही है। 27 अप्रैल को उन्हें एपीओ किया गया था और अब करीब दो महीने बाद उन्हें नई पोस्टिंग दी गई है।

झुंझुनूं में कलेक्टर और एसपी की कुर्सी खाली

झुंझुनूं कलेक्टर रामावतार मीणा का तबादला कर उन्हें विभागीय जांच निदेशक बनाया गया है। फिलहाल उनके स्थान पर किसी नए कलेक्टर की नियुक्ति नहीं हुई है, जिससे जिले में कलेक्टर का पद रिक्त हो गया है। वहीं, झुंझुनूं में पुलिस अधीक्षक (एसपी) का पद पहले से ही खाली चल रहा है।

संबंधित ख़बरें

लेटेस्ट

ख़ास ख़बरें