- सिरोही में रविवार, राम नवमी 2025 के अवसर पर भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 21 फीट ऊंची भगवान श्रीराम की प्रतिमा शामिल होगी।
- शोभायात्रा में कुल 75 झांकियां दिखाई जाएंगी, जिनमें दुर्गा माता के नौ स्वरूपों और श्रीराम के जीवन प्रसंगों को दर्शाया जाएगा।

सिरोही शहर इस बार राम नवमी के पावन अवसर पर आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को तैयार है। रविवार को आयोजित होने वाली भव्य शोभायात्रा के लिए शहर की सड़कों को पांच हजार से अधिक भगवा ध्वजों और सैकड़ों स्वागत द्वारों से सजाया गया है। पूरा शहर भगवामय हो गया है।
21 फीट ऊंची श्रीराम प्रतिमा मुख्य आकर्षण
शोभायात्रा में 21 फीट ऊंची प्रभु श्रीराम की भव्य प्रतिमा श्रद्धालुओं का मन मोह लेगी। इस शोभायात्रा में कुल 75 झांकियां शामिल होंगी, जिनमें श्रीराम के जीवन प्रसंगों, दुर्गा माता के नौ स्वरूपों और भारतीय संस्कृति की विविध झलक देखने को मिलेगी। ढोल-नगाड़े, बाजे-गाजे और अखाड़ों के शक्ति प्रदर्शन शोभा में चार चांद लगाएंगे।
हजारों रामभक्त लेंगे भाग
इस ऐतिहासिक आयोजन में शहर सहित आसपास के इलाकों से हजारों श्रद्धालु केसरिया वस्त्र पहनकर भाग लेंगे। राम नाम के जयघोष, शंखनाद और मंत्रोच्चार से माहौल भक्तिमय हो जाएगा। महिलाओं की टोली भी मंगल गीतों के साथ शोभायात्रा की शोभा बढ़ाएगी।
36 समाजों ने लिया आयोजन की जिम्मेदारी
श्री राम महोत्सव समिति के प्रचार प्रमुख संजय कुमार वर्मा ने बताया कि शोभायात्रा को भव्य बनाने की जिम्मेदारी सिरोही के 36 समाजों ने मिलकर उठाई है। आयोजन सिरोही तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पिंडवाड़ा, झाडोली, कोजरा, जनापुर, रेवदर, आबूरोड, सरूपगंज, रोहिड़ा, वासा, धान्ता और वाटेरा में भी रामोत्सव के तहत शोभायात्राएं निकाली जाएंगी।
समाजसेवियों और संघ संगठनों की रही सक्रिय भागीदारी
इस आयोजन की तैयारी को लेकर शुक्रवार रात आदर्श विद्या मंदिर रामझरोखा में एक अहम बैठक हुई, जिसमें आरएसएस, विश्व हिंदू परिषद, सेवा भारती, राष्ट्र सेविका समिति, पतंजलि महिला योग समिति और ब्रह्मकुमारी संस्था जैसे संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। समाजसेवी अनिल कुमार ने राम को हिन्दू समाज के स्वाभिमान का प्रतीक बताते हुए अधिक से अधिक भागीदारी की अपील की।