
सिरोही, 10 सितम्बर।
जिला चिकित्सालय सिरोही की बदहाल स्थिति मंगलवार को उस वक्त उजागर हुई जब पूर्व मुख्यमंत्री के सलाहकार एवं कांग्रेस नेता संयम लोढ़ा अस्पताल के निरीक्षण पर पहुंचे। इस दौरान अस्पताल प्रभारी डॉ. वीरेन्द्र महात्मा ने भी अपनी लाचारी सार्वजनिक करते हुए साफ कहा कि “भवन बनाने वाली एजेंसी समस्या का समाधान करे, वरना मुझे सभी टॉयलेट और बाथरूम बंद करने होंगे, लेकिन कोई सुनता ही नहीं।”
सीवरेज और गंदगी से बदहाल जनाना वार्ड
निरीक्षण के दौरान लोढ़ा जब जनाना वार्ड के पास पहुंचे तो वहां सीवरेज और मल-मूत्र से अटे हालात देखकर वे आक्रोशित हो उठे। दुर्गंध इतनी थी कि पूरा वार्ड बदबू से भर गया था। लोढ़ा ने स्वयं दरवाजे खुलवाकर स्थिति देखी और कहा कि यह मरीजों के लिए गंभीर स्वास्थ्य संकट है।
मोर्चरी में दलदल जैसे हालात
अस्पताल की मोर्चरी की स्थिति और भी भयावह मिली। बारिश थमे कई दिन हो चुके हैं, फिर भी यहां एक-एक फीट पानी भरा हुआ है और काई जम चुकी है। हालात ऐसे हैं कि शवगृह तक पहुंचने में डॉक्टरों, मेडिकल ज्यूरिस्ट, परिजनों और पुलिसकर्मियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
अधूरा जनाना वार्ड और दोहरी मार झेलते मरीज
अस्पताल परिसर में 50 बेड का नया जनाना वार्ड 2024 में शुरू होना था, लेकिन आज तक अधूरा है। छत पर पानी निकासी की व्यवस्था न होने से वहां काई जम गई है। आईसीयू की फॉल्स सीलिंग बिना उपयोग के ही टूट चुकी है, जबकि खिड़कियों की जालियां और केबल तक चोरी हो चुके हैं।
इस अधूरेपन की वजह से गर्भवती महिलाओं को मजबूरी में दो-दो को एक ही बेड पर सुलाना पड़ रहा है।
वार्डों का निरीक्षण और स्टाफ की कमी
लोढ़ा ने आईसीयू और डायलिसिस वार्ड का भी निरीक्षण किया। मरीजों ने शिकायत की कि ट्रॉली ले जाने के लिए कार्मिक उपलब्ध नहीं हैं। इस पर उन्होंने प्रभारी डॉ. महात्मा को तत्काल अतिरिक्त स्टाफ लगाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि “मेडिकल रिलीफ सोसायटी में करीब एक करोड़ रुपये जमा हैं, जिनका उपयोग मरीजों की सुविधा के लिए होना चाहिए।”
निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज पर सवाल
हाईवे पर बन रहे नए मेडिकल कॉलेज भवन को लेकर भी लोढ़ा ने सरकार को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा – “यह भवन अप्रैल 2024 तक तैयार होना था, लेकिन अब इसमें कम से कम एक साल और लगने की संभावना है। ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने की सिफारिश के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। यह सरकार का घनघोर निकम्मापन है।”
कलेक्टर को ज्ञापन और सचिव से बात
निरीक्षण के बाद संयम लोढ़ा ने जिला कलेक्टर अल्पा चौधरी से मुलाकात की और चिकित्सालय की स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने मांग की कि सात दिनों में सीवरेज और जलभराव की समस्या का समाधान किया जाए और अधूरा जनाना वार्ड शीघ्र शुरू किया जाए।
इसके अलावा, लोढ़ा ने मेडिकल शिक्षा सचिव अमरेश कुमार से फोन पर बातचीत की और उनसे सिरोही मेडिकल कॉलेज का दौरा करने का आग्रह किया। सचिव ने जल्द ही दौरा करने का आश्वासन दिया।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल रहा मौजूद
इस मौके पर नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रकाश प्रजापति, शिवगंज नगर कांग्रेस अध्यक्ष हडमत सिंह मेडतिया, पूर्व पार्षद प्रवीण जाटोलिया, भरत धवल, तेजाराम, वसीम, कादिर, दशरथ सिंह नरूका, मुख्तियार खान, कान्तिलाल खत्री, मनोज पुरोहित, जावेद खान और कैलाश कंसारा सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।



